Next Story
Newszop

पक्षियों के अद्भुत घोंसले: प्रकृति के नन्हे आर्किटेक्ट्स की कहानी

Send Push
पक्षियों के घोंसले: एक अनोखी कहानी

bird nest (Social Media).

bird nest (Social Media).

पक्षियों के घोंसले की कहानी: प्रकृति में अनगिनत रहस्यों और आश्चर्यों का भंडार है। इनमें से एक हैं ये छोटे आर्किटेक्ट। जब आप खुले आसमान में भोजन, पानी और एक सुरक्षित घोंसले की तलाश में उड़ते पक्षियों को देखते हैं, तो यह सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि ये जीव कितनी मेहनत और रचनात्मकता से अपने लिए घर बनाते हैं। पक्षियों के घोंसले केवल एक सुरक्षित स्थान नहीं होते, बल्कि ये उनकी कला, व्यवहार और बुद्धिमत्ता का अद्भुत उदाहरण भी हैं। ये घोंसले जीवन की पहली सांसों का स्थान होते हैं, जहां सुरक्षा और ममता का अनुभव होता है। इन नन्हे शिल्पकारों से श्रम, सौंदर्य और समर्पण का पाठ सीखने को मिलता है। जब भी किसी पेड़ पर घोंसला देखें, तो आपको वास्तुकला के अद्भुत उदाहरण का अनुभव होगा।

इस लेख में हम उन विशेष पक्षियों के बारे में चर्चा करेंगे, जिन्हें सही मायनों में 'प्रकृति के आर्किटेक्ट' कहा जा सकता है। ये नन्हे कलाकार अपने पैरों, चोंच और कल्पनाशक्ति का उपयोग कर ऐसे घोंसले बनाते हैं, जिन्हें देखकर आधुनिक आर्किटेक्ट भी दंग रह जाएं। आइए जानते हैं ये कौन से पक्षी हैं जिनके घोंसले की प्रसिद्धि विश्वभर में फैली हुई है -


वेवर बर्ड (Weaver Bird)

वेवर बर्ड का घोंसला बुनकरों की तरह बारीकी और मजबूती का उदाहरण है। इसे हिंदी में 'बुनकर पक्षी' कहा जाता है। यह पक्षी मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और यूरोप में पाया जाता है। इसके घोंसले झूलते हुए टहनियों से लटकते हैं और इतनी मजबूती से बने होते हैं कि तेज़ हवाएं भी इन्हें गिरा नहीं पातीं।

image


वेवर बर्ड की विशेषताएं

वेवर बर्ड का घोंसला नर पक्षी द्वारा बनाया जाता है।

इसमें बांस की छड़ियां, पत्तियां, सूखी घास और रेशे का उपयोग होता है। इसका आकार गोलाकार या बोतलनुमा होता है, जिसमें प्रवेश द्वार नीचे की ओर होता है ताकि बारिश से अंडे सुरक्षित रहें।

image


रोचक तथ्य

नर वेवर बर्ड घोंसला बनाकर मादा को आकर्षित करने की कोशिश करता है। यदि मादा को घोंसला पसंद नहीं आता, तो वह मना कर देती है और नर को नया घोंसला बनाना पड़ता है!


बाउरबर्ड (Bowerbird) - सजावट के मास्टर

बाउरबर्ड ऑस्ट्रेलिया का एक अनोखा पक्षी है। यह न केवल सुंदर घोंसले बनाता है, बल्कि उसे सजाने के लिए रंग-बिरंगी चीजें भी इकट्ठा करता है।

image


बाउरबर्ड के घोंसले की खासियत

यह घोंसला वास्तव में एक 'प्रदर्शन स्थल' होता है, जहां नर बाउरबर्ड मादा को आकर्षित करने के लिए नाचता है।

वे घोंसले को नीले, हरे, पीले और काले रंग की चीजों से सजाते हैं, जैसे प्लास्टिक के टुकड़े, फूल, पत्थर, और यहां तक कि इंसानों द्वारा फेंकी गई चीजें भी।

यह पक्षी रंग और आकार का गहरा ज्ञान रखता है। वेवर बर्ड द्वारा प्रेम को जताने के लिए बनाई गई इस प्रेम-गुफा रूपी घोंसले को देखकर लगता है कि सच्चा प्रेम सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं, बल्कि पक्षियों की दुनिया में भी उतना ही सुंदर और कलात्मक है।


गोल्डफिंच (Goldfinch)

गोल्डफिंच एक छोटी, सुंदर पीले रंग की चिड़िया है, जो मुख्य रूप से उत्तरी अमेरिका और यूरोप में पाई जाती है। इसके घोंसले की निर्माण प्रक्रिया बेहद नाजुक और भावनात्मक होती है।

image


गोल्डफिंच के घोंसले की विशेषताएं

नर गोल्डफिंच पतली पत्तियों, घास, रूई और रेशों से गोलाकार घोंसला बनाता है।

यह घोंसला इतना मुलायम और कोमल होता है कि उसमें पड़े अंडों को बिलकुल गद्देदार सुरक्षा मिलती है। ऊंचे पेड़ों की पतली टहनियों पर ये घोंसले बनाए जाते हैं ताकि शिकारी वहां तक न पहुंच सकें।

इनका घोंसला एक मां की गोद जैसा नाजुक, सुरक्षित और प्यार से भरा हुआ होता है।


बुलबुल (Nightingale)

image


एक संगीतकार और शिल्पकार पंछी

बुलबुल भारत समेत दक्षिण एशिया, अफ्रीका और मध्य पूर्व में पाई जाने वाली एक बेहद लोकप्रिय चिड़िया है। मधुर स्वर और सुंदरता के साथ-साथ यह अपने घोंसले की बनावट के लिए भी जानी जाती है।

बुलबुल के घोंसले की विशेषताएं

बुलबुल का घोंसला अधखुला कटोरा जैसा होता है। इसमें सूखी घास, कोमल पत्तियां और रेशे इस्तेमाल होते हैं।

ये अपने घोंसले को छिपे हुए स्थानों जैसे झाड़ियों के बीच या किसी घनी डालियों के बीच बनाती हैं। जब बुलबुल अपने बच्चों को पहली बार आवाज़ सिखाती है, तो वह घोंसला सिर्फ एक संरचना नहीं, बल्कि एक संगीत स्कूल बन जाता है।


ओल्ड वर्ल्ड बैबलर (Old World Babblers)

ओल्ड वर्ल्ड बैबलर एक दुर्लभ पक्षी है, जो ज्यादातर दक्षिण एशिया और अफ्रीका में पाया जाता है। ये पक्षी अपने घोंसले को बहुत ही अनोखे और छुपे हुए तरीके से बनाते हैं।

image


ओल्ड वर्ल्ड बैबलर के घोंसलों में क्या है खास

ये गुफा जैसे घोंसले बनाते हैं जो झाड़ियों या जमीन के पास बनाए जाते हैं।

नर बैबलर खुद घोंसले के लिए गड्ढा बनाता है और मादा उसमें अंडे देती है।

इनका घोंसला आमतौर पर अन्य घोंसलों से कम दिखाई देता है, जो शिकारी से सुरक्षा देता है।


टेलर बर्ड (Tailorbird)

टेलर बर्ड, जिसे 'दर्जी चिड़िया' भी कहा जाता है, अपने घोंसले को सचमुच 'सिलती' है। यह चिड़िया एशिया में आम पाई जाती है, विशेषकर भारत में।

image


टेलर बर्ड के घोंसले की खासियत

ये दो बड़े पत्तों को सुई-धागे की तरह कीड़ों के रेशों से जोड़ती हैं। बीच में नरम घास और रूई भरकर अंडों के लिए स्थान बनाती है। यह घोंसला इतना कलात्मक होता है कि देखकर यकीन करना मुश्किल होता है कि ये एक पक्षी ने बनाया है।


हमरकोप (Hamarkop)

हमरकोप एक मध्यम आकार का पक्षी है, जो अफ्रीका में पाया जाता है। यह अपने विशाल घोंसले के लिए जाना जाता है।

हमरकोप के घोंसले में क्या है खास

image


घोंसला इतना बड़ा होता है कि एक इंसानी सिर भी अंदर जा सकता है।

मिट्टी, लकड़ी, और पत्तियों से बना यह घोंसला किसी किले जैसा होता है।

एक ही घोंसले को कई सालों तक इस्तेमाल किया जाता है।


स्विफ्टलेट (Swiftlet)

स्विफ्टलेट पक्षी अंधेरी गुफाओं और चट्टानों में घोंसला बनाते हैं। इनका घोंसला खास तौर पर इसलिए प्रसिद्ध है क्योंकि इसका उपयोग "बर्ड्स नेस्ट सूप" नामक चीनी व्यंजन में किया जाता है।

image


स्विफ्टलेट घोंसले की विशेषताएं

यह पक्षी आम पंछियों की तरह तिनकों से नहीं बल्कि अपनी लार से घोंसला बनाता है। अंधेरे में उड़ते हुए ये इकोलोकेशन का प्रयोग करते हैं जैसे चमगादड़। नन्हें आर्किटेक्ट के रूप में कुदरत में मौजूद इन सभी पक्षियों के ये घोंसले सिर्फ रचना नहीं हैं, ये एक जीवन दर्शन माने जाते हैं। जहां मेहनत, धैर्य और प्रेम से कुछ भी सुंदर बनाया जा सकता है।


Loving Newspoint? Download the app now